Tuesday, March 3, 2020

दिल्ली हिंसा केजरीवाल ने आईबी अधिकारी अंकित शर्मा के परिवार को एक करोड़ की सम्मान राशि देने की घोषणा की.

दिल्ली सरकार ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली हिंसा में मारे गए आईबी अधिकारी अंकित शर्मा के परिवार को एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की है.

सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा की.

दिल्ली सरकार ने परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने की भी घोषणा की.

भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि भारत में कोरोना वायरस के दो मामले सामने आए हैं. एक मामला दिल्ली का है और दूसरा तेलंगाना का है.

बताया गया कि दिल्ली में जिस मरीज़ को कोरोना से पीड़ित पाया गया है, वह इटली से आया था. दूसरा शख़्स दुबई से आया है.

दोनों मरीज़ों की हालत स्थिर है और उनकी लगातार मॉनिटरिंग हो रही है.

वहीं, विदेश से आने वाले यात्रियों की एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है.

कोरोना वायरस के मामले अब चीन के बाहर तेज़ी से बढ़ने लगे
कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया भर में बढ़ रहा है. अब तक इससे होने वाली मौतें तीन हज़ार के पार पहुंच गई हैं. चीन में 42 मौतें और हुई हैं. चीन में 90 फ़ीसदी मौतें हूबे प्रांत में हुई हैं. यहीं पिछले साल कोरोना वायरस का संक्रमण फैला था.

10 अन्य लोगों की जान अलग-अलग देशों में गई है. 50 से ज़्यादा मौतें तो ईरान में हुई हैं और 30 से ज़्यादा लोगों की जान इटली में गई है. दुनिया भर में कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों के 90 हज़ार मामलों की पुष्टि हुई है.

अब कोरोना चीन की तुलना में बाहर के देशों में ज़्यादा तेज़ी से फैल रहा है. हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि अभी ज़्यादातर मामलों में शुरुआती लक्षण पाए गए हैं और इनमें मृत्यु की दर दो से तीन फ़ीसदी के बीच है. हालांकि ये सीज़नल फ्लू से मरने वालों की तुलना में ज़्यादा ही है. सामान्य फ़्लू से हर साल चार लाख लोगों की मौत होती है.

कोरोना वायरस के मामलों में अब चीन में गिरावट आई है जबकि बाक़ी की दुनिया में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है. पिछले 48 घंटों में इटली में कोरोना वायरस का इंफेक्शन दोगुना हो गया है.

यूरोप में इटली कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित है. इटली में अब तक 34 मौतें हुई हैं और 1,694 मामले सामने आए हैं. ब्रिटेन में कोरोना के 36 मामलों की पुष्टि हुई है. चीन के बाद कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित दक्षिण कोरिया है. यहां 476 नए मामले सामने आए हैं और अब तक कोरोना से संक्रमण के कुल 4,212 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से 3,081 मामले दक्षिण कोरियाई शहर दाइगु के हैं.

दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल के मेयर ने लोगों से आग्रह किया है लोग अपने घरों से ही काम करें और भीड़-भाड़ वालो इलाक़ों में न जाएं. मध्य-पूर्व में ईरान कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है. यहां अब तक 54 मौतें हो चुकी हैं और कोरोना से संक्रमण के कुल 978 मामले सामने आए हैं.

इसके अलावा क़तर, इक्वाडोर, लग्ज़मबर्ग, आयरलैंड में भी कोरोना के पहले मामले सामने आए हैं. अमरीका में भी कोरोना से अब तक दो मौतें हो चुकी हैं.

सोमवार को चीन में कोरोना से 42 और मौतें की बात सामने आई है. ये सारी मौते हूबे शहर में हुई है. इसके अलावा 202 नए मामले भी सामने आए हैं. केवल छह ही ऐसे मामले हैं जो हूबे शहर से बाहर के हैं. चीन में कोरोना से अब तक 2,912 लोगों की मौत हो चुकी है.

कोरोना से चीन की अर्थव्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है. इस बीच यूएस अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने पाया है कि चीन में प्रदूषण के स्तर में नाटकीय रूप से कमी है. इसकी वजह कोरोना वायरस से आर्थिक वृद्धि दर में आई कमी बताई जा रही है.

संविधान के अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने के भारत सरकार के फ़ैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं को बड़ी बेंच को भेजने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है.

जस्टिस एन.वी. रमण के नेतृत्व वाली सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों वाली संविधान पीठ ने यह फ़ैसला किया.

भारत ने बीते साल पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले प्रावधानों को ख़त्म कर दिया था.

जस्टिस रमण के नेतृत्व वाली यही बेंच सरकार के इस फ़ैसले को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई करती रहेगी.

भारतीय शेयर बाज़ार में लगातार छह दिनों तक गिरावट के बाद सोमवार को तेज़ी देखने को मिली. भारतीय बाज़ार पर एशियाई शेयर बाज़ारों की रिकवरी दिखाने का सकारात्मक असर पड़ा है.

शुरुआती कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक सेंसेक्स में लगभग 800 अंकों का उछाल देखने को मिला.

कुछ देर बाद, सुबह साढ़े नौ बजे यह 1.20 प्रतिशत या 461 पॉइंट ऊपर चढ़कर 38,756 पर ट्रेड कर रहा था.

बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों के आधार पर देखें तो मात्र 60 सेकंड के कारोबार में निवेशकों को 2.07 लाख करोड़ का मुनाफ़ा हुआ.

सोमवार सुबह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इंडेक्स निफ़्टी में भी उछाल नज़र आया. यह कुछ देर के लिए 11,400 को पार कर गया.

इससे पहले शुक्रवार को कोरोना वायरस के महामारी की शक्ल लेने और वैश्विक वृद्धि को प्रभावित करने के डर से भारतीय शेयर बाज़ार औंधे मुंह गिरे थे. बाज़ार खुलते ही निवेशकों को 4 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ था.

No comments:

Post a Comment